Monday, March 2

लखनऊ में पारा लुढ़का 6 डिग्री के नीचे

लखनऊ में पारा लुढ़का 6 डिग्री के नीचे


 

लखनऊ
राजधानी लखनऊ समेत पूरा उत्तर प्रदेश कड़ाके की ठंड का कहर झेल रहा है। रविवार की रात इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात गुजरी। बीती रात लखनऊ शिमला से ज्यादा ठंडा रहा। पारा 5.5 डिग्री तक लुढ़क गया, जबकि शिमला में न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

प्रदेश में अगले दो दिन पारा और गिरने की संभावना है। इसके बाद गुरुवार से मामूली राहत मिलने का अनुमान है। मौसम ने पिछले चार दिनों से मिजाज बदला है। चार दिन पहले न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास था। इसके बाद से न्यूनतम तापमान नीचे गिरता जा रहा है। बीती रात लखनऊ में रात 2.30 बजे के आसपास पारा 5.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। सुबह हल्की घुंध छाई रही। सुबह सात बजे तापमान 8 डिग्री और नौ बजे 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान कम होने से लोगों को गलन का अहसास भी हुआ।

मौसम विभाग को मंगलवार और बुधवार को पारा और गिरने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि प्रदेश के कई क्षेत्रों में जबर्दस्त शीतलहर है। अगले तीन दिन सर्दी ज्यादा पड़ने का अनुमान है। वहीं, बीते 24 घंटे में प्रदेश में सबसे ठंडा जिला नजीबाबाद रहा। यहां न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा मेरठ में 3.3 डिग्री, झांसी में 4.5 डिग्री, चुर्क में 4.9 डिग्री, आगरा में 5.1 डिग्री, अलीगढ़ 5.4 डिग्री, प्रयागराज में 5.2 डिग्री, बहराइच और वाराणसी में 5.2 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *