लखनऊ
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव में अब दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्री भी प्रचार के रंग बिखेरने लगे हैं। भाजपा व कांग्रेस के मुख्यमंत्री यहां आकर न केवल अपनी पार्टी के लिए प्रचार कर रहे हैं, साथ ही अपने राज्य की खूबियों का भी बखान कर रहे हैं। यूपी के चुनावी जंग खासी दिलचस्प होने जा रही है।
भूपेश बघेल, शिवराज सिंह चौहान, अरविंद केजरीवाल, पुष्कर धामी व चरण सिंह चन्नी। इन सब मुख्यमंत्रियों का यहां अपनी पार्टी की तरफ एक दो बार का दौरा तो हो चुका है। अब आने वाले दिनों में यह सिलसिला और तेज होगा। मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी अब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को बुलाने की तैयारी में है।
इन सबके पीछे कहीं न कहीं अपने अपने राज्य में पकड़ मजबूत करने की मंशा भी किसी से छिपी नहीं है। भाजपा ने तो अपने शासित सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों, उपमुख्यमंत्रियों को वाराणसी व अयोध्या बुलाया था। इन सभी मुख्यमंत्रियों ने मुख्यमंत्री योगी के कामकाज की खूब सराहना की।

