Monday, March 2

पॉस्को एक्ट का स्थाई वारंटी पुलिस को चकमा देता रहा, आखिरकार पकड़ाया

पॉस्को एक्ट का स्थाई वारंटी पुलिस को चकमा देता रहा, आखिरकार पकड़ाया


रेहटी

 पॉस्को एक्ट के तहत वर्ष 2017 में दर्ज एक मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अपने परिजनों से मिलने के लिए घर पर आया था, तभी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घर से ही पकड़ लिया।जानकारी के अनुसार वर्ष 2017 में आरोपी अमर सिंह उर्फ भूरा पिता मिश्रीलाल कोरकू निवासी ग्राम ढाबा पर रेहटी पुलिस ने भादवि की धारा 354, 294, 7/8 पॉस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया था, लेकिन बाद में उसे जमानत पर छोड़ दिया गया। जमानत सशर्त दी गई थी और उसे बाद में पुलिस के सामने पेश होना था, लेकिन आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए लगातार सर्चिंग की, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ सका। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अपने मुखबिर भी तैनात किए थे। ग्राम ढाबा में भी मुखबिरों को लगाया गया था। जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में रेहटी थाना प्रभारी अरविंद कुमरे के नेतृत्व में टीम बनाई गई। इस टीम का प्रभारी उप निरीक्षक एवं थाना प्रभारी सलकनपुर राजू मकोड़ को बनाया गया। लगातार आरोपी के घर पर नजर रखी गई, तभी पिछले दिनों मुखबिर ने सूचना दी कि आरोपी अमर सिंह अपने परिजनों से मिलने के लिए घर आया हुआ है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी अमर सिंह उर्फ भूरा पिता मिश्रीलाल को घर से ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजने की आदेश दिए गए। इस आरोपी के लिए नसरुल्लागंज न्यायालय ने स्थाई वारंट भी जारी किया था। इस कार्रवाई में सुमेर सिंह, अशोक परते, रामूलाल उइके, धर्मेंद्र यादव, शैलेंद्र सिंह साइबर सेल सीहोर की भी अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने टीम को पुरस्कृत करने की भी घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *