Monday, March 2

शादी में दुल्‍हन के जेवर अनजान महिला ने कर दिए साफ, घरातियों-बारातियों में मचा हड़कंप

शादी में दुल्‍हन के जेवर अनजान महिला ने कर दिए साफ, घरातियों-बारातियों में मचा हड़कंप


गोरखपुर
उत्‍तर प्रदेश के गोरखपुर में सहारा स्‍टेट परिसर में आयोजित एक विवाह समारोह के दौरान तब हड़कंप मच गया जब पता चला कि दुल्‍हन के कमरे से करीब 10 लाख रुपए के गहने चोरी हो गए। आनन-फानन में पुलिस बुलाई गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों से पूछताछ की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। फिर सीसीटीवी की फुटेज खंगाली गई तो एक महिला बैग लेकर समारोह से चुपचाप निकलती दिखी। वह महिला कौन है? इस बारे में दुल्‍हन या दूल्‍हा पक्ष कुछ नहीं बता पा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। मिली जानकारी के अनुसार गोरखपुर के गगहा के रियाव गांव निवासी गुड्डू शाही और उनके भाई धीरेंद्र कुमार शाही, खोराबार के सिक्‍टौर में मकान बनवा कर रहते हैं। धीरेंद्र बैंकाक में काम करते हैं। बुधवार रात उनकी बेटी की शादी थी। शादी के लिए सहारा स्टेट का मैरेज हाउस बुक कराया गया था। पूरा परिवार मैरेज हाउस में था। जौनपुर से बारात भी आ गई थी। जयमाल का कार्यक्रम चल रहा था। परिवारीजन फोटो खिंचवा रहे थे।

इसी दौरान मैरेज हाउस के कमरे रखे दुल्हन के गहने चोरी हो गए। गुड्डू शाही ने बताया कि गहनों की कीमत करीब 10 लाख रुपए थी। चोरी के बाद परिवार के लोगों ने डॉयल-112 और खोराबार थाने पर दी। पुलिस की जांच के बाद किसी तरह शादी सम्पन्न हुई। गुरुवार सुबह धीरेंद्र ने पुलिस को तहरीर दी है। खोराबार इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शादी में दुल्हन के गहने चोरी हुए है। जांच कर आगे एक्‍शन लिया जाएगा। खोराबार थाने के इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मैरिज हाल में लगे सीसीटीवी में एक महिला बैग लेकर जाते हुए दिखाई दे रही है। उसकी पहचान अभी तक घराती या फिर बाराती पक्ष नहीं कर पाया है।लिहाजा उसी पर सबसे ज्यादा शक है। महिला के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। आशंका है कि वह जो बैग ले जा रही है उसी में गहने थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *