जशपुरनगर
कलेक्टर रितेश कुमार अग्रवाल ने आज कलेक्ट्रोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर धान खरीदी की तैयारी, बारदाने की उपलब्धता, किसानों को टोकन जारी करने और ग्राम पंचायतों छूटे हुए लोगों का शत प्रतिशत टीकाकरण के प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान गौठानों में बाड़ी विकास की धीमी प्रगति पर कलेक्टर नाराज हो गए और 6 जनपद सीईओ को नोटिस जारी करने के बाद कहा कि अपने – अपने कार्य सही ढंग से करें नहीं तो प्रभार बदल दिए जाएंगे।
उन्होंने सभी एसडीएम, विपणन अधिकारी, खाद्य अधिकारी, सहकारी समिति के सहायक पंजीयक, कृषि अधिकारी एवं नोडल अधिकारियों को अपने-अपने विकासखण्ड के धान खरीदी केन्द्रों का नियमित निरीक्षण करके तैयारी का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं। धान खरीदी के लिए किसानों का टोकन काटने के लिए भी कहा गया है। उन्होंने कहा कि टोकन काटते समय कोविड-19 के नियमों का भी पालन करें साथ ही ज्याद भिड़-भाड़ न होने पाए इसका भी विशेष ध्यान रखे। उन्होंने सभी धान खरीदी केन्द्र में बारदाने उपलब्धता की जानकारी ली और किसानों को धान खरीदी केन्द्र में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो इसका विशेष ध्यान रखने के लिए कहा गया है।
कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्रों में बारदाना, आर्द्रता मापी यंत्र, कांटा-बाट सहित अन्य व्यवस्था पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राईस मिलर्स बारदाना जमा करने में लापरवाही कर रहें हैं तो नोटिस देकर कार्यवाही करें। धान खरीदी केन्द्रों में निरीक्षण करने के लिए नोडल अधिकारी बनाया गया है। संबंधित नोडल अधिकारी अपने-अपने चिन्हांकित धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण करकें वहॉ की वस्तु-स्थिति की जानकारी प्रशासन को देंगें। केन्द्र में कोई भी समस्या आने पर तत्काल इसकी सूचना देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि धान खरीदी केन्द्रों की व्यवस्था देखना सभी नोडल अधिकारियों का दायित्व है।
कलेक्टर ने समीक्षा के दौरान गौठानों में चारागाह और बाड़ी विकसित के कार्य को विकसित करने के निर्देश दिए हैं। सभी जनपद सीईओ को अपने-अपने विकासखण्ड के गौठानों में साग-सब्जी के उत्पादन करने के लिए खेतों की जोताई करने के लिए कहा है ताकि गौठान से जुड़ी स्व-सहायता समूह की महिलाएॅ साग-सब्जी उत्पादन करके अतिरिक्ति आमदनी प्राप्त कर सकें। समीक्षा के दौरान उन्होंने दुलदुला, कुनकुरी, फरसाबहार, कांसाबेल, बगीचा और पत्थलगावं के जनपद सीईओ को गौठानों में बाड़ी विकास के कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जाहिर करते हुए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी जनपद सीईओ कड़ी हिदायत देते हुए कहा है कि अपने-अपने कार्य में प्रगति लाए अन्यथा प्रभार बदल दिए जाएगे। उन्होंने एसडीएम और जनपद सीईओ को रात्री चौपाल के दौरान लोगों से उनकी समस्याएं, मांगें, राशन कार्ड, जाति, निवास, आय प्रमाण-पत्र, आयुष्मान कार्ड, श्रम कार्ड, बिजली बिल से संबंधित समस्या, दिव्यांग प्रमाण-पत्र सहित अन्य योजनाओं से संबंधित आवेदन लेकर लाभान्वित करने के निर्देश दिए हैं। समाज कल्याण अधिकारी को आगामी 3 दिसंबर को अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर दिव्यांगजनों का स्वास्थ्य शिविर लगाकर उनका यूडी आईडी कार्ड बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने छूटे हुए दिव्यांगजनों का पेंशन एवं अन्य उपकरण में वैसाखी, ट्राईसायकल, श्रवण यंत्र सहित अन्य सामग्री भी उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है।

