नई दिल्ली
भारत की भावना जाट, रवीना और मुनीता प्रजापति ने विश्व एथलेटिक्स पैदल चाल टीम चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। मस्कट में आयोजित इस चैंपियनशिप में भारतीय टीम ने महिलाओं के 20 किलोमीटर वर्ग में देश को पहला कांस्य पदक दिलाया। चीन ने स्वर्ण और यूनान ने रजत पदक जीता।
रवीना ने एक घंटे, 40 मिनट और 22 सेकंड का समय निकाला और 14वें स्थान पर रहीं। टोक्यो ओलंपिक खेल चुकी भावना 1:43:08 के समय के साथ 21वें स्थान पर रहीं जबकि मुनीता ने 26वां स्थान हासिल किया। इसके बाद एक देश के सभी प्रतियोगियों के प्रदर्शन को जोड़कर पदक तय किए गए।
चैंपियनशिप के 61 साल के इतिहास में भारतीय महिला टीम का यह पहला पदक है। इससे पहले पुरूष टीम ने 2012 में कांस्य पदक जीता था।
#TEAMINDIA 🏃♀️CREATES HISTORY
Racewalking trio of #BhawnaJat, #Ravina & #MunitaPrajapati clinch 🇮🇳's 1st ever medal (BRONZE 🥉) at the ongoing World #Athletics Race Walking Team Championships 2022
Heartiest congratulations on the feat 👏
📸 @ashokmuscat#IndianSports #Racewalk pic.twitter.com/bMFzTfvRwh— SAI Media (@Media_SAI) March 4, 2022
पुरुष वर्ग में भारत के अमित खत्री आखिरी किलोमीटर तक आगे चल रहे थे लेकिन चौथा रेडकार्ड मिलने से अंडर 20 पुरूषों के दस किलोमीटर वर्ग से अयोग्य करार दिए गए। वह फिनिश लाइन तक पहले भी पहुंच जाते तो स्वर्ण नहीं जीत सकते थे क्योंकि तीसरे रेडकार्ड के बाद उन्हें 60 मिनट की पेनल्टी मिली थी। वह हालांकि चौथा रेडकार्ड नहीं मिलने पर शीर्ष दस में होते। चीन के वांग होंगरेन ने स्वर्ण, इटली के डिएगो जी ने रजत और चीन के जेंग यू ने कांस्य पदक जीता।

