Sunday, March 1

वेस्ट यूपी में एकतरफा पड़े जाट वोट या हुआ बिखराव? जानें क्या होगा असर

वेस्ट यूपी में एकतरफा पड़े जाट वोट या हुआ बिखराव? जानें क्या होगा असर


 मेरठ

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तमाम सियासी कोशिशें वोटों का बिखराव नहीं रोक सकीं। इस बार पुराने और सुरक्षित किलों में भी सेंध लगी है। कोई आश्चर्य नहीं कि पुरानी, परंपरागत और हॉट सीटों के परिणाम चौंकाने वाले निकले। यह दावा सियासी गलियारों में भी हो रहा है। वोटों के बिखराव में भाजपा से लेकर सपा-रालोद गठबंधन भी फंसा है।

कौन बंटा और कौन खिला के बीच पश्चिमी यूपी के चुनाव की पहली जंग मतदान के साथ गुरुवार को पूरी हो गई। मतदान के बाद सियासी गलियारों में इस बात का नफा-नुकसान लगाया जाता रहा कि कौन कहां चला। सबसे बड़ा सवाल जाट मतदाताओं को लेकर था। रालोद के साथ आने के बाद गठबंधन यह दावा कर रहा था कि इस समाज का वोट उसको ही मिलेगा। मतदान के बाद भाजपा ने दावा किया कि इस समाज ने सुरक्षा के नाम पर उसको भी बहुतायत के नाम पर वोट किया है। वोटों का बिखराव सभी जगह हुआ है।

जाट मतों में बंटवारा: मुजफ्फरनगर से रिपोर्ट है कि यहां वोटों का बिखराव हुआ है। इन वोटों के बिखराव से भाजपा को राहत मिलती दिख रही है वहीं, गठबंधन का दावा है कि बिखराव नहीं हुआ। ज्यादातर वोट हमारे हक में गए हैं। केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान का दावा है कि साठ फीसदी उनके समाज के वोट भाजपा के हक में गए हैं।
 

मेरठ में भी विभाजन
मेरठ की सात विधानसभा सीटों में से छह सीटों पर भी वोटों का बिखराव देखने को मिला। मेरठ की सीट रोचक आंकड़े में फंस गई है। यहां भी वोटों के बंटवारे में भाजपा और सपा फंसती नजर आ रही है। माना जा रहा है कि बसपा ने सपा के लिए सिरदर्दी खड़ी की जबकि कांग्रेस प्रत्याशी सबको चौंकाते हुए भाजपा के आड़े आ गया। अलबत्ता, सपा और भाजपा यही मानते हैं कि नुकसान का प्रतिशत कम है। मुकाबला रोचक है।

2012 और 2017 में किसके पक्ष में था नतीजा
जिन 58 सीटों पर गुरुवार को मतदान हुआ, 2017 विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने इनमें से 53 सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं, सपा को 2, बसपा को 2 और 1 आरएलडी को मिली थी। वहीं, 2012 में बीजेपी को 10, सपा को 14, बसपा को 20, कांग्रेस को 4, आरएलडी को 8 और अन्य को 3 सीटें हासिल हुईं थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *