Sunday, March 1

10वीं-12वीं के एग्जाम फॉर्म 6 फरवरी तक भरे जाएंगे, देनी होगी लेट फीस

10वीं-12वीं के एग्जाम फॉर्म 6 फरवरी तक भरे जाएंगे, देनी होगी लेट फीस


भोपाल

प्रदेश में 10वीं-12वीं के एग्जाम फॉर्म 6 फरवरी तक भरे जाएंगे। इसके लिए सामान्य शुल्क 900 रुपए के साथ लेट फीस के रूप में 10 हजार रुपए देने होंगे। 6 फरवरी के बाद किसी भी स्थिति में परीक्षा फॉर्म स्वीकार नहीं किए जाएंगे। मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने इसे लेकर आदेश जारी किए हैं। जिसके तहत 10वीं और 12वीं की परीक्षा फॉर्म भरने के लिए छात्रों को 6 फरवरी तक अंतिम मौका दिया गया है।

इस साल 10वीं-12वीं में करीब 22 लाख छात्र-छात्राएं शामिल हो रहे हैं। 10वीं के 18 फरवरी से 10 मार्च तक और 12वीं के पेपर 17 फरवरी से 12 मार्च तक होंगे। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक रखा गया है। एमपी बोर्ड टाइम टेबल मंडल की वेबसाइट www.mpbse.nic.in पर जारी किया जा चुका है।

समय से डेढ़ घंटे पहले पहुंचना जरूरी

परीक्षा के लिए परीक्षार्थी को सुबह 8.30 बजे उपस्थित होना जरूरी है। छात्रों को सुबह 8.45 बजे तक ही केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा, उसके बाद आने वाले छात्रों को परीक्षा में बैठने नहीं दिया जाएगा।

मंत्री परमार समय पर परीक्षा कराने का कह चुके

मंत्री इंदर सिंह परमार पहले ही कह चुके हैं कि 10वीं-12वीं के एग्जाम समय पर होंगे। इसमें अभी बदलाव नहीं किया जा रहा है। परीक्षाएं ऑफलाइन मोड पर ही होंगी। 1 फरवरी से प्रदेश के सभी स्कूल दोबारा से 50% क्षमता के साथ प्रारंभ हो गए हैं। क्लास ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मोड में चल रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *