Tuesday, October 20

जॉनी के डॉक्टर का दावा एंबर ने मारी बोतल, कटी उंगली

जॉनी के डॉक्टर का दावा एंबर ने मारी बोतल, कटी उंगली


मशहूर हॉलिवुड स्टार्स जॉनी डेप और एंबर हर्ड  का तलाक होने के बाद भी दोनों के बीच की लड़ाई शांत होने का नाम नहीं ले रही है। दोनों एक-दूसरे के ऊपर कुछ न कुछ आरोप लगाते ही रहते हैं। अब जॉनी ने एंबर के ऊपर मानहानि का मुकदमा  दर्ज किया है जिसकी सुनवाई इस समय अमेरिका के वर्जीनिया में चल रही है। सुनवाई के दौरान इस कपल के डॉक्टर रहे डेविड किपर ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। डॉक्टर ने सोमवार को कोर्ट में बताया है कि उन्होंने 2015 में जॉनी डेप की कटी हुई उंगली का इलाज किया था।

डॉक्टर डेविड किपर ने बताया कि मार्च 2015 में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में जॉनी के घाव का इलाज किया। तब जॉनी ने उनके सामने कहा था कि एंबर हर्ड ने उन पर वोदका की बोतल फेंककर मारी थी। इससे जॉनी की उंगली कटकर किचन के फ्लोर पर गिर गई थी। इस चोट के कारण जॉनी का काफी खून बह रहा था। हालांकि एंबर हर्ड के वकील ने दावा किया कि जॉनी ने तब इमर्जेंसी रूम के स्टाफ को कहा था कि उन्होंने खुद ही चाकू से अपनी उंगली काट ली है। डॉक्टर किपर ने बताया कि उन्होंने उसी दिन एंबर हर्ड से भी मुलाकात की थी लेकिन उनके कहीं किसी तरह की चोट नहीं थी। एंबर ने डॉक्टर से कहा कि जॉनी ने उन्हें टेबल टेनिस के टेबल पर फेंक दिया था और उन्हें फ्रिज के अंदर धक्का देने की कोशिश की थी।

इससे पहले एंबर हर्ड ने इंस्टाग्राम पर एक लंबा नोट शेयर करते हुए लिखा कि वह कुछ दिन तक सोशल मीडिया से दूर रहेंगी क्योंकि वह केस की सुनवाई के लिए वर्जीनिया जा रही है। इस नोट में उन्होंने यह भी लिखा कि वह जॉनी डेप के प्रति दुर्भावना नहीं रखती हैं लेकिन जॉनी लगातार उनके खिलाफ गलत बातें बोल और लिख रहे हैं। जॉनी और एंबर हर्ड ने कुछ समय डेटिंग करने के बाद 2015 में शादी कर ली थी। हालांकि यह शादी बहुत ज्यादा लंबे समय नहीं चली मई 2016 में ही दोनों ने तलाक की अर्जी दी थी। इसके बाद साल 2017 में दोनों का तलाक हो गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *